होली पर ग्रेटर नोएडा में अतिरिक्त समय में भी होगी पेयजल आपूर्ति, प्राधिकरण ने जारी की सूचना
होली पर ग्रेटर नोएडा में अतिरिक्त समय में भी होगी पेयजल आपूर्ति, प्राधिकरण ने जारी की सूचना

होली पर ग्रेटर नोएडा में अतिरिक्त समय में भी होगी पेयजल आपूर्ति, प्राधिकरण ने जारी की सूचना

Published on

ग्रेटर नोएडा, 28 फरवरी (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने होली पर्व के अवसर पर शहरवासियों के लिए पेयजल आपूर्ति के समय में आंशिक बदलाव की सूचना जारी की है।

प्राधिकरण की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार होली के दिन 4 मार्च 2026 को पेयजल की आपूर्ति निर्धारित समयावधि में की जाएगी, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्राधिकरण से जारी सूचना में बताया गया है कि 4 मार्च को प्रातः 7:00 बजे से 9:30 बजे तक तथा दोपहर 12:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। इसके अतिरिक्त अन्य दिनों में जलापूर्ति सामान्य दिनों की तरह नियमित समय पर जारी रहेगी।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि होली के अवसर पर पानी की मांग सामान्य दिनों की तुलना में अधिक हो सकती है। ऐसे में यदि किसी क्षेत्र में विशेष परिस्थितियों के कारण अतिरिक्त जल की आवश्यकता महसूस होती है, तो वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके लिए संबंधित अधिकारियों से सीधे संपर्क किया जा सकता है। जल विभाग से संबंधित सहायता के लिए वरिष्ठ प्रबंधक (जल) विनोद कुमार, सहायक प्रबंधक (जल) मनोज कुमार, तथा सहायक (जल) सुनील कुमार के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि नागरिक आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क कर सकें।

प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से पानी की बर्बादी न करें और आवश्यकता के अनुसार ही उपयोग करें। साथ ही संदेश दिया गया है, “जल ही जीवन है, राष्ट्रीय हित में जल बचाएं, जिसे बनाया नहीं जा सकता।”

प्राधिकरण ने त्योहार के उल्लास के बीच जल संरक्षण को प्राथमिकता देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सामूहिक सहयोग से ही शहर में सुचारु जल प्रबंधन संभव है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएमटी

logo
NewsGram
www.newsgram.com