ईरान और इजरायल में संघर्ष के बीच महाराष्ट्र सरकार ने जारी की एडवाइजरी
ईरान और इजरायल में संघर्ष के बीच महाराष्ट्र सरकार ने जारी की एडवाइजरी

ईरान और इजरायल में संघर्ष के बीच महाराष्ट्र सरकार ने जारी की एडवाइजरी

Published on

मुंबई, 1 मार्च (आईएएनएस)। ईरान और इजरायल में संघर्ष के बीच महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने नागरिकों से शांति और संयम बनाए रखने व आधिकारिक निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है।

एडवाइजरी के अनुसार, पैलेस्टाइन (रामल्ला), कतर (दोहा), सऊदी अरब (रियाद), इज़राइल (तेल अवीव), ईरान (तेहरान), इराक (बगदाद), कुवैत, बहरीन, ओमान (मस्कट), जॉर्डन तथा संयुक्त अरब अमीरात (अबू धाबी) में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि वह विदेश में रह रहे राज्य के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सतर्क है और केंद्र सरकार व संबंधित भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय में स्थिति की निगरानी कर रही है। सरकार ने दोहराया है कि सभी भारतीय नागरिक अफवाहों से बचें, सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल दूतावास से संपर्क करें।

वहीं, भारतीय दूतावासों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक आवाजाही से बचें, स्थानीय प्रशासन और भारतीय मिशनों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित दूतावास से संपर्क करें। दूतावास हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्रदान कर रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

बता दें कि इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव की स्थिति बनी। इजरायल ने शनिवार को ईरान पर हमले किए। शुरुआती हमलों के बाद ईरान ने तुरंत इजरायल, बहरीन, यूएई, कुवैत और कतर में अमेरिकी मिलिट्री ठिकानों पर मिसाइलें और ड्रोन दागे।

इजरायल-अमेरिकी हमलों के दौरान ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के माने जाने की खबर है। इजरायली डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने यह भी दावा किया है कि ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्म्स (आईआरजीसी) के चीफ समेत सात वरिष्ठ ईरानी सैन्य कमांडर मारे गए।

--आईएएनएस

डीसीएच/

logo
NewsGram
www.newsgram.com