खामेनेई की मौत से दुखी कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने ट्रंप को बताया पागल और बेरहम
खामेनेई की मौत से दुखी कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने ट्रंप को बताया पागल और बेरहम

खामेनेई की मौत से दुखी कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने ट्रंप को बताया पागल और बेरहम

Published on

नई दिल्ली, 1 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका-इजरायल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत पर कांग्रेस नेताओं ने दुख जताया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि अगर हम इतिहास देखें, तो दुनिया बहादुर लोगों को याद करती है और खामेनेई को भी एक बहादुर नेता के तौर पर याद किया जाएगा।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि खामेनेई ने अपने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी और देश से बड़ा कुछ नहीं होता। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए इमरान मसूद ने कहा एक बेरहम और पागल आदमी की वजह से पूरी दुनिया जल रही है। आज मेरा दिल बहुत दुखी है। मुझे बहुत दुख हुआ है। खामेनेई गांधी की विचारधारा से काफी प्रभावित थे। वे अकसर कहते थे कि हम ऐसे ही उन्हें (विरोधियों को) भगा देंगे, जैसे गांधी ने भारत से अंग्रेजों को भगाया था।

सांसद इमरान मसूद ने कहा, "मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि हम लोग गमजदा हैं और ऐसी स्थिति में मुल्क के अंदर ऐसा कोई काम न करें, जिससे अमन शांति भंग हो। खामेनेई के जाने का गम भर नहीं सकता है।

उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि खामेनेई साहब एक बहादुर आदमी थे जिन्होंने सरेंडर नहीं किया। वे लड़े और लड़ाई के दौरान शहीद हो गए। मैं उन्हें सलाम करता हूं। यूएस और इजरायल जिस तरीके से अत्याचार कर रहे हैं, मैं समझता हूं कि यह बहुत दुखद है।

पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव ने कहा कि जिस तरह अमेरिका की दादागिरी लगातार बढ़ रही है, वह चिंता का विषय है और भारत आजाद हिंदुस्तान के बाद अपने स्वाभाविक मित्रों को खोता जा रहा है। ईरान को भारत का पारंपरिक दोस्त माना जाता रहा है, लेकिन इस बार भारत खुलकर उसके पक्ष में खड़ा होता नहीं दिखा।

कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि विश्व के लिए जो कुछ हुआ या हो रहा है,अच्छे संकेत नहीं है। हम शांति के साथ हैं। किसी भी समस्या का समाधान बातचीत से हल हो सकता है, युद्ध से समाधान नहीं हो सकता। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गंभीरता से इस पूरे मामले को लेना चाहिए।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Subscribe to our channels on YouTube and WhatsApp 

logo
NewsGram
www.newsgram.com