नोएडा एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर युवती का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस 
National News

नोएडा एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर युवती का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

IANS

नोएडा, 2 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा में एक बार फिर संदिग्ध परिस्थितियों में युवती का शव मिलने से सनसनी मच गई। मामला थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र का है, जहां सर्विस रोड पर स्थित एक मॉल के सामने 23 वर्षीय युवती का शव बरामद किया गया। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और हत्या की आशंकाओं को और गहरा कर दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 मार्च को डायल-112 के माध्यम से थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के एक मॉल के सामने सर्विस रोड किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू की। साथ ही फील्ड यूनिट टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

जांच के दौरान मृतका की पहचान कविता पुत्री जय सिंह, उम्र लगभग 23 वर्ष, के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में युवती के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि शव लगभग दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। ऐसे में मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

स्थानीय लोगों के बीच इस बात की भी चर्चा है कि शव को किसी अन्य स्थान से कार के माध्यम से लाकर यहां डंप किया गया हो सकता है। पुलिस भी इस एंगल से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किन परिस्थितियों में शव को यहां लाया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले भी एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में शव मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार मिल रहे शवों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

--आईएएनएस

पीकेटी/एसके

Trump Raises Global Tariffs to 15%, Calls SC Ruling “anti-American”

Spider-Man: Homecoming Stars Tom Holland and Zendaya Secretly Tied the Knot, Claims Actress’s Stylist Law Roach

US-Israel Attacks Iran LIVE: Israel Strikes Beirut After Hezbollah Claims Rocket Attack on Northern Israel

Hundreds Gather on the Streets of DC; Opinions Sharply Divided on Iran Strikes

Norway’s $2-Trillion Sovereign Wealth Fund Drops Adani Green Energy from Portfolio over Corruption and Financial Crime Allegations