रांची के रिहायशी इलाके में घुसा हाथी, हमले में एक की मौत, दहशत में लोग 
National News

रांची के रिहायशी इलाके में घुसा हाथी, हमले में एक की मौत, दहशत में लोग

IANS

रांची, 2 मार्च (आईएएनएस)। राजधानी रांची से सटे रातू थाना क्षेत्र में सोमवार को जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पाली गांव में हुई इस घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। चार दिनों में यह दूसरी बार है जब हाथी ने रांची के रिहायशी इलाके में घुसकर उत्पात मचाया है।

हाथी के हमले में मृत युवक की पहचान सुबोध खलखो के रूप में हुई है, जो इसी गांव के रहने वाले थे। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह हाथी सबसे पहले चित्तरकोटा पतरा गांव के पास देखा गया। ग्रामीणों की मानें तो यही हाथी पिछले शुक्रवार को रांची हटिया क्षेत्र में घुस आया था और रिहायशी इलाकों में करीब चार घंटे तक सड़क पर घूमता देखा गया था।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी की निगरानी की जा रही है और उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने की तैयारी की जा रही है। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों से घरों के भीतर रहने, बच्चों और बुजुर्गों को बाहर न निकलने देने तथा हाथी से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में हाथियों के भटककर पहुंचने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।

जून 2024 में एक हाथी रांची के बाहरी इलाके कुटे में झारखंड विधानसभा के निकट देखा गया था। इससे पहले रातू क्षेत्र में दो हाथी एक खाली पड़े कोल्ड स्टोरेज में घुस गए थे। जनवरी 2013 में एक हाथी दीपाटोली आर्मी कैंटोनमेंट इलाके तक पहुंच गया था।

मानव-हाथी संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल में चिंता जताई थी।

उन्होंने इस मुद्दे पर वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें हाथियों के हमले रोकने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए थे।

बता दें कि पिछले कुछ महीनों में राज्य के विभिन्न जिलों में हाथियों के हमलों में करीब 27 लोगों की जान जा चुकी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एमएस

Subscribe to our channels on YouTube and WhatsApp 

Trump Raises Global Tariffs to 15%, Calls SC Ruling “anti-American”

Spider-Man: Homecoming Stars Tom Holland and Zendaya Secretly Tied the Knot, Claims Actress’s Stylist Law Roach

US-Israel Attacks Iran LIVE: Israel Strikes Beirut After Hezbollah Claims Rocket Attack on Northern Israel

Hundreds Gather on the Streets of DC; Opinions Sharply Divided on Iran Strikes

Norway’s $2-Trillion Sovereign Wealth Fund Drops Adani Green Energy from Portfolio over Corruption and Financial Crime Allegations