श्रीनगर, 28 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू डिवीजन के रेलवे कर्मचारियों ने एक बार फिर अपनी ईमानदारी और मुस्तैदी का परिचय दिया है। अमृतसर-जम्मू तवी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18309) में ड्यूटी पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक (सीआईटी) विजय कुमार, मुख्यालय पठानकोट, ने एक यात्री का खोया हुआ कीमती सामान खोजकर सुरक्षित रूप से रेलवे सुरक्षा बल को सौंप दिया।
घटना के अनुसार, ड्यूटी के दौरान सूचना मिली कि कोच संख्या बी-3 की सीट नंबर 4 पर सफर कर रहा एक यात्री अपना बैग वहीं भूल गया है और चंडीगढ़ स्टेशन पर उतर चुका है। जानकारी मिलते ही विजय कुमार तुरंत संबंधित कोच में पहुंचे और सीट की जांच कर बैग को सुरक्षित बरामद किया। बैग में एक एसर कंपनी का लैपटॉप, एक महिला पर्स जिसमें लगभग 700 रुपए नकद थे और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। बरामदगी के तुरंत बाद यात्री को इसकी सूचना दी गई। अपना सामान सुरक्षित मिलने पर यात्री ने रेलवे और टिकट चेकिंग स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
इसके बाद टिकट चेकिंग स्टाफ ने बरामद सामान की सूची तैयार की और पठानकोट स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के सहायक उप-निरीक्षक को सौंप दिया, ताकि उचित प्रक्रिया के तहत सामान यात्री को लौटाया जा सके।
इसी तरह 26 फरवरी की रात करीब 11 बजे एक अन्य सराहनीय घटना सामने आई। जम्मू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 04082 के एस-2 कोच में सफर कर रहे एक यात्री के छोटे बच्चे के लिए टिकट चेकिंग स्टाफ ने दूध की व्यवस्था की। यात्री ने इस संवेदनशील और मानवीय सहायता के लिए रेलवे कर्मचारियों का धन्यवाद किया।
इन घटनाओं पर टिप्पणी करते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू डिवीजन अपने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की ऐसी मुस्तैदी से यात्रियों का रेलवे सेवाओं पर भरोसा और मजबूत होता है। उन्होंने यह भी कहा कि ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि सेवा की गुणवत्ता और बेहतर हो सके।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान का ध्यान रखें और किसी भी आपात स्थिति में रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या ऑन-बोर्ड स्टाफ से संपर्क करें। जम्मू डिवीजन के कर्मचारियों की यह कार्यशैली सेवा भावना और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।
--आईएएनएस
डीकेपी/