नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद पप्पू यादव ने बिहार की कानून व्यवस्था पर प्रदेश की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पटना में आए दिन हत्याएं हो रही हैं और कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह बेटियों की सुरक्षा के लिए 100 गोली खाने को भी तैयार हैं।
आईएएनएस से बातचीत में सांसद पप्पू यादव ने कहा कि मुझे गृहमंत्री के बारे में कुछ नहीं कहना है। उन्होंने कहा कि मेरे पास सबकी फाइल है। अगर सबकी फाइल है तो उसमें सत्ता और विपक्ष तरफ के नेताओं दोनों की फाइल होगी। उन्होंने कहा कि आप ब्लैकमेलिंग क्यों कर रहे हो? कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हो? मुझे तो साजिश के तहत मरवाना चाहते हैं। मुझे कभी भी फंसा सकते हैं। पटना में चार भाइयों की हत्या की गई। रोजाना आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की हत्या हो रही है, और आप मेरी सुरक्षा छीनकर अहंकार दिखाते हो। हम 100 गोली खाएंगे। बिहार के कानून व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा के लिए हम कुछ भी करेंगे। बेटियों की हिफाजत के लिए जो करना होगा हम करेंगे।
इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को जमानत मिलने पर पप्पू यादव ने कहा कि जब आतंक हावी होने लगता है, डर फैलता है, और कानून का राज खत्म हो जाता है, जब सरकार हिटलर की तरह तानाशाही तरीके से चलती है, तो किसी को नहीं बख्शा जाता, शंकराचार्य को भी नहीं। जो लोग सनातन के बारे में बोलते हैं उन्हें टारगेट करके चुप करा दिया जाता है, जबकि जो लोग पाखंड, अंधविश्वास को बढ़ावा देते हैं और एजेंट की तरह काम करते हैं, उन्हें सपोर्ट किया जाता है। यह अब सिर्फ़ कांग्रेस की बात नहीं रही। गलगोटिया विश्वविद्यालय मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बजाय, वे उन लोगों को टारगेट कर रहे हैं जो देश की इज़्ज़त बचाने के लिए सड़कों पर उतरे। इसीलिए लड़ाई आर-पार की है। मरना होगा तभी देश आजाद होगा। देश की आजादी के लिए यह छोटी लड़ाई नहीं है, गोली खाने की तैयारी करनी पड़ेगी। लाठी खाने से नए अंग्रेजों से आजादी नहीं मिलेगी।
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को बरी किए जाने पर कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह को भाजपा 'रेनकोट' कहती थी और उन पर 2जी, 5जी जैसे घोटालों का आरोप लगाते थे, लेकिन कोर्ट ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया। राहुल गांधी और सोनिया गांधी को भी चंडीगढ़ कोर्ट ने बरी कर दिया है। न्यायालय ही इस देश को बचा सकती है। शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल की भूमिका नहीं थी, कोर्ट ने न्याय दिया।
जेएनयू विवाद को लेकर पप्पू यादव ने कहा कि जेएनयू को अखाड़ा बना दिया गया है जब से भाजपा सत्ता में आई है। वे संस्थाओं को खत्म करने और उन्हें गिराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे पूरी तरह से राजनीतिकरण का अड्डा बना दिया है और एबीवीपी का कार्यालय बनाना चाहते हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी