गौतम बुद्ध नगर, 28 फरवरी (आईएएनएस)। आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। त्योहारों के दौरान मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद भर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विभिन्न टीमों द्वारा गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 7 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा, मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर-93 नोएडा के एक स्टोर से गुझिया का एक नमूना लिया। वहीं ग्रेटर नोएडा स्थित एक स्टोर से घी का एक नमूना संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ.पी. सिंह एवं एस.के. पांडेय की टीम ने सर्फाबाद, सेक्टर-75 नोएडा स्थित स्टोर से गुझिया के दो नमूने तथा होशियारपुर नोएडा स्थित स्टोर से पनीर के दो नमूने लिए।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सय्यद इबादुल्लाह ने सेक्टर-14ए नोएडा में काजू बर्फी का एक नमूना संग्रहित किया। इस प्रकार कुल सात नमूनों को जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला में भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी नमूने में मिलावट या मानक के विपरीत गुणवत्ता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों, खोया, घी, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटखोरी की संभावना भी बढ़ती है। इसे रोकने के लिए विभाग लगातार बाजारों, दुकानों और ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी रखे हुए है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और जिलाधिकारी के निर्देशन में नियमित रूप से नमूने लेकर जांच कराई जाएगी, ताकि जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह हो तो तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएमटी