होली से पहले सख्त मोड में यूपी प्रशासन, मुख्य सचिव एसपी गोयल के कड़े निर्देश, अवैध-जहरीली शराब पर जीरो टॉलरेंस 
National News

होली से पहले सख्त मोड में यूपी प्रशासन, मुख्य सचिव एसपी गोयल के कड़े निर्देश, अवैध-जहरीली शराब पर जीरो टॉलरेंस

IANS

लखनऊ, 28 फरवरी (आईएएनएस)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक मशीनरी को अलर्ट मोड पर डाल दिया है।

मुख्य सचिव एसपी गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी जनपद में अवैध या जहरीली शराब के सेवन से कोई दुर्घटना न हो। संवेदनशील जिलों में विशेष सतर्कता और सघन प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मुख्य सचिव एसपी गोयल ने शनिवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जुड़े। मुख्य सचिव ने दो टूक कहा कि किसी भी जिले में अवैध मदिरा के सेवन से कोई अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध एवं जहरीली शराब के उत्पादन और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। विशेष रूप से संवेदनशील जनपदों में चौकसी बढ़ाने और अंतर्विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने शराब की दुकानों, ढाबों और अन्य संभावित स्थलों पर औचक निरीक्षण के निर्देश दिए।

साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कहीं अधिक दर पर शराब की बिक्री न हो। अंतरराज्यीय सीमाओं, खासकर बॉर्डर क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि भांग की अधिकृत दुकानों पर किसी भी स्थिति में गांजा की बिक्री न होने दी जाए। अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने यह भी कहा कि शराब की दुकानों को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक बंद न रखा जाए, क्योंकि इससे अवैध और जहरीली शराब के कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है। स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर ही जिला प्रशासन बंदी का निर्णय ले, ताकि संतुलित व्यवस्था बनी रहे। बैठक में खनन विभाग की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ओवरलोडिंग और अवैध खनन पर स्रोत स्तर से ही निगरानी बढ़ाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। अधिकारियों को नियमित और आकस्मिक निरीक्षण जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि होली पर्व प्रदेशभर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो।

--आईएएनएस

विकेटी/एएमटी

Hundreds killed in US-Israel attacks; Supreme Leader Khamenei and President Pezeshkian safe: Iranian Envoy

US, Israel Launch Major Strike on Iran; UAE, Qatar, Jordan and Other Middle East Countries Caught in the Crossfire

“Who Committed the Mistake of Giving You a License?”: CJI Pulls Up Lawyer for Filing FIR Against PM Modi and Amit Shah in Connection with CAA

WhatsApp Tells SC it will Comply with CCI Order on User Data Privacy, Argues Against Blanket Ban on Data Sharing

Gauhati High Court Issues Notice to CM Himanta Biswa Sarma Over Hate Speech Petition, Remarks on “Fissiparous Tendency”