रद्द नहीं हुई हैं सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं, बोर्ड के नाम से वायरल सर्कुलर फर्जी 
National News

रद्द नहीं हुई हैं सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं, बोर्ड के नाम से वायरल सर्कुलर फर्जी

IANS

नई दिल्ली, 1 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाएं भारत समेत दुनिया के कई देशों में एक साथ आयोजित की जाती हैं। मध्य पूर्व एशिया के भी हजारों छात्र ये परीक्षाएं दे रहे हैं। हालांकि, सीबीएसई के नाम से जारी एक फर्जी सर्कुलर में कहा गया कि मध्य पूर्व एशिया के देशों में कक्षा 10 और 12 की सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे सर्कुलर में कहा गया है कि इन देशों में छात्रों को बिना परीक्षा दिए ही अंक दे दिए जाएंगे। हालांकि, भारत के सीबीएसई बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह सर्कुलर पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है।

वायरल सर्कुलर में दावा किया गया था कि वैश्विक असाधारण परिस्थितियों और ईरान-इजरायल युद्ध के कारण मध्य पूर्व क्षेत्र में सीबीएसई कक्षा 10 और 12 की शेष भाषा परीक्षाएं तथा 7 मार्च को निर्धारित सामाजिक विज्ञान परीक्षा रद्द कर दी गई हैं। साथ ही यह भी कहा गया था कि विद्यार्थियों को आंतरिक मूल्यांकन और प्री-बोर्ड के आधार पर अंक दे दिए जाएंगे। मध्य पूर्व एशिया के इन देशों में भी भारत के साथ ही 17 फरवरी को सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुई थीं। कुल 43 लाख से अधिक छात्र 10वीं और 12वीं कक्षा की यह परीक्षाएं दे रहे हैं। पहले दिन भारत समेत विदेशी परीक्षा केंद्रों पर छात्रों ने 10वीं के छात्र गणित और 12वीं के छात्र बायो टेक्नोलॉजी का एग्जाम दिया था। अब तक की सभी परीक्षाएं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई हैं।

बोर्ड के अनुसार, इस साल कुल 43 लाख 67 हजार 870 छात्र बोर्ड परीक्षा का हिस्सा हैं। सीबीएसई ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है परीक्षा रद्द करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। ईरान-इजरायल संघर्ष को देखते हुए फिलहाल यह परीक्षा स्थगित की गई है। बोर्ड ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालयों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए मध्य-पूर्व के कुछ देशों में कक्षा 10 और कक्षा 12 की 2 मार्च (सोमवार) को निर्धारित बोर्ड परीक्षाएं स्थगित की हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा रद्द नहीं की गई हैं, नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी। बोर्ड के अनुसार परीक्षा स्थगित करने का निर्णय बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात आदि देशों में सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों पर लागू होगा। इन सभी देशों में फिलहाल सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा स्थगित कर दी गई है।

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने आधिकारिक तौर पर कहा कि 3 मार्च यानी मंगलवार को स्थिति की समीक्षा की जाएगी। बोर्ड का कहना है कि हालात को देखते हुए 5 मार्च से प्रस्तावित परीक्षाओं के संबंध में उपयुक्त निर्णय लिया जाएगा। एशिया के इस क्षेत्र में अशांति व बमबारी के कारण कई देशों में सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं केवल स्थगित करनी पड़ी हैं न कि रद्द की गई हैं।

सीबीएसई ने रविवार को यह आधिकारिक निर्णय लिया है। जिन देशों में सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ी हैं, उनमें कुवैत, कतर व सऊदी अरब जैसे देश शामिल हैं। सीबीएसई बोर्ड का कहना है कि भारतीय दूतावासों की मदद से इस संबंध में विभिन्न देशों को आधिकारिक तौर पर सूचित किया गया है।

गौरतलब है कि सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं भारत समेत विश्व के 26 देशों में आयोजित की जा रही हैं। मध्य पूर्व एशिया के कई देश ऐसे हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्र इन परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं। सीबीएसई ने विदेशों में मौजूद अपने सभी सभी संबद्ध विद्यालयों से कहा कि वे इस फर्जी सूचना का तत्काल खंडन करें और छात्रों को भ्रमित होने से बचाएं।

बोर्ड ने यह भी चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाना दंडनीय हो सकता है और साइबर माध्यम से गलत सूचना प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, परीक्षा स्थगित करने की आधिकारिक सूचना दूतावासों को भी दी गई है। इस संबंध में भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावास को सूचना भेजी गई है। जिन देशों में स्थित दूतावासों को आधिकारिक सूचना दी गई है उनमें अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास, रियाद स्थित भारतीय दूतावास, मस्कट में भारतीय दूतावास, दोहा के भारतीय दूतावास, मनामा में भारतीय दूतावास, कुवैत सिटी स्थित भारतीय दूतावास, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास, दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास और दुबई स्थित केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय शामिल है।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी

Subscribe to our channels on YouTube and WhatsApp 

US-Israel Attacks Iran LIVE: Ayatollah Arafi Appointed to Temporarily Lead Iran After Khamenei’s Death

Hundreds Gather on the Streets of DC; Opinions Sharply Divided on Iran Strikes

Norway’s $2-Trillion Sovereign Wealth Fund Drops Adani Green Energy from Portfolio over Corruption and Financial Crime Allegations

US, Israel Launch Major Strike on Iran; UAE, Qatar, Jordan and Other Middle East Countries Caught in the Crossfire

“Who Committed the Mistake of Giving You a License?”: CJI Pulls Up Lawyer for Filing FIR Against PM Modi and Amit Shah in Connection with CAA