मुंबई, 27 फरवरी (आईएएनएस)। फिल्ममेकर अली अब्बास जफर अपने अपकमिंग अनटाइटल्ड प्रोजेक्ट में अभिनेता अहान पांडे को डायरेक्ट करने की तैयारी में हैं। उन्होंने अहान की खुलकर तारीफ करते हुए कहा कि उनमें एक खास तरह की ईमानदारी है, जो आज के दौर में कम ही देखने को मिलती है।
अली अब्बास जफर ने कहा, “मुझे अहान में सबसे ज्यादा जो बात पसंद आती है, वह उनकी परफॉर्मेंस में आने वाली ओल्ड-स्कूल ईमानदारी है। आजकल कई बार सब कुछ नकली या परफॉर्मेटिव लगता है, लेकिन अहान अपनी एक्टिंग में वही सच्चाई लाते हैं, जैसी हम बचपन में रोमांटिक हीरोज में देखते थे। कैमरा इस ईमानदारी को आसानी से पकड़ लेता है।”
उन्होंने आगे कहा, “अहान कमजोर होने से नहीं डरते और यही उनकी ताकत है। आज के समय में कई एक्टर कमजोरी दिखाने से बचते हैं, लेकिन अहान इसे खुले दिल से अपनाते हैं। यही वजह है कि दर्शक उनसे इतनी जल्दी जुड़ जाते हैं। उनमें सॉफ्टनेस है, लेकिन साथ ही ताकत भी है। यह बैलेंस खासकर रोमांटिक कहानियों में बहुत काम आता है।”
अली का मानना है कि अहान में दुर्लभ रोमांटिक हीरो बनने की पूरी क्षमता है। वे कहते हैं, “एक सच्चा रोमांटिक हीरो सिर्फ नरमी से नहीं, बल्कि इमोशनल गहराई से पहचाना जाता है। जब यह गहराई एक्शन के साथ मिलती है, तो दर्शकों के लिए यह बहुत पावरफुल होता है। अहान की आंखों में वह बात दिखती है, जो एक्शन-रोमांस को और भी प्रभावशाली बनाती है।”
अली का कहना है कि ग्रेस (रोमांस) और फायर (एक्शन) का यह कॉम्बिनेशन अहान के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। फिल्ममेकर ने बताया कि दर्शक सिर्फ एक्शन के पंच नहीं देखना चाहते, वे उस पंच के पीछे का इमोशन और मकसद महसूस करना चाहते हैं। अगर हीरो जिस चीज के लिए लड़ रहा है, उससे वह गहराई से जुड़ा है– जैसे प्यार, परिवार या विश्वास तो एक्शन में भावनात्मक चीजें बहुत बढ़ जाती हैं। यही वजह है कि लोग अहान की परफॉर्मेंस से इतना कनेक्ट महसूस करते हैं।
फिल्म की शूटिंग 30 मार्च से मुंबई में शुरू होगी। इसके बाद पूरी टीम लगभग 60 दिनों के लिए यूके जाएगी। इस एक्शन एंटरटेनर में अहान पांडे के साथ शरवरी भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
--आईएएनएस
एमटी/एएस