वर्ल्ड एनजीओ डे : चिरंजीवी से दीपिका तक, एनजीओ के जरिए बदल रहे हैं लाखों जिंदगियां 
Entertainment

वर्ल्ड एनजीओ डे : चिरंजीवी से दीपिका तक, एनजीओ के जरिए बदल रहे हैं लाखों जिंदगियां

IANS

मुंबई, 27 फरवरी (आईएएनएस)। गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) के योगदान को सम्मानित करने, उनकी सराहना करने और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए हर साल 27 फरवरी को विश्व एनजीओ दिवस मनाया जाता है। यह अंतरराष्ट्रीय दिवस साल 2014 से वैश्विक स्तर पर मनाया जा रहा है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, आपदा राहत और सामाजिक न्याय जैसे क्षेत्रों में एनजीओ की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करता है।

भारत में भी यह दिन खास महत्व रखता है, जहां लाखों एनजीओ समाज की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं। इसमें आमजन के साथ ही फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों का भी योगदान है,जो न केवल अपनी कला से लोगों का मनोरंजन करते हैं, बल्कि एनजीओ चलाकर या उनसे जुड़कर समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक के सुपरस्टार्स अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा दान करते हैं, फाउंडेशन चलाते हैं और जरूरतमंदों की मदद करते हैं।

असल जिंदगी में लोगों की मदद के लिए आगे आए सितारों की लिस्ट काफी लंबी है। साउथ के मेगास्टार चिरंजीवी ने साल 1998 में चिरंजीवी चैरिटेबल ट्रस्ट की स्थापना की। यह ट्रस्ट ब्लड डोनेशन को बढ़ावा देता है और चिरंजीवी खुद नियमित ब्लड डोनर हैं। कोरोना काल में भी उन्होंने लोगों की भरपूर मदद की।

महेश बाबू अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा हील अ चाइल्ड फाउंडेशन को दान करते हैं, जो बच्चों की मदद करता है। मोहनलाल विश्वशांति फाउंडेशन चलाते हैं, जो उनके माता-पिता के नाम पर है। कोविड के समय इस फाउंडेशन ने काफी सहायता की। वहीं, सलमान खान का बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन वंचित बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस करता है। यह स्कूल चलाता है और स्वास्थ्य की क्षेत्र में मदद देता है।

आमिर खान और किरण राव ने साल 2016 में पानी फाउंडेशन शुरू किया, जो महाराष्ट्र सहित कई सूखाग्रस्त इलाकों में पानी संरक्षण और जागरूकता पर काम करता है। यह लोगों को खुद समस्या सुलझाने के लिए प्रशिक्षित करता है। दीपिका पादुकोण भी मदद के लिए आगे आईं। उन्होंने साल 2015 में लिव लव लाफ फाउंडेशन शुरू किया, जो मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर केंद्रित है। सुष्मिता सेन का आई एम फाउंडेशन 2009 से विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर काम कर रहा है और समाज को मजबूत बनाने का प्रयास करता है।

फरहान अख्तर मर्द कैंपेन के जरिए लैंगिक समानता और महिलाओं के सम्मान पर जागरूकता फैलाते हैं और प्रियंका चोपड़ा यूनिसेफ की सद्भावना राजदूत हैं और उनकी प्रियंका चोपड़ा फाउंडेशन फॉर हेल्थ एंड एजुकेशन वंचित बच्चों, खासकर लड़कियों को शिक्षा और स्वास्थ्य सहायता देती है। आलिया भट्ट का कोएक्जिस्ट के जरिए पशु कल्याण और पर्यावरण पर काम करता है। वे सलाम बॉम्बे जैसे संगठनों से भी जुड़ी हैं, जो मुंबई के कमजोर बच्चों को शिक्षा देता है। जैकलीन फर्नांडीज का यू ओनली लिव वन्स जानवरों के कल्याण के लिए काम करता है।

वहीं, अनुपम खेर का अनुपम खेर फाउंडेशन साल 2008 से बच्चों की शिक्षा में मदद करता है। शबाना आजमी मिजवां वेलफेयर सोसाइटी के जरिए समाजसेवा करती हैं। सोनू सूद अपनी सूद चैरिटी फाउंडेशन से देशभर में मदद करते हैं, खासकर कोविड में उनकी सराहना हुई और आज भी यह सिलसिला जारी है। ऐश्वर्या राय की ऐश्वर्या राय फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा और जरूरतमंदों की मदद पर फोकस करती है।

इसके अलावा, धनुष, प्रियंका चोपड़ा, अल्लू अर्जुन, नाना पाटेकर समेत अन्य कई सितारे हैं, जो एनजीओ के जरिए समाज की भलाई के लिए काम कर रहे हैं और इसी क्रम में अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा कई बार दान तक कर चुके हैं।

--आईएएनएस

एमटी/वीसी

Subscribe to our channels on YouTube and WhatsApp 

WhatsApp Tells SC it will Comply with CCI Order on User Data Privacy, Argues Against Blanket Ban on Data Sharing

Gauhati High Court Issues Notice to CM Himanta Biswa Sarma Over Hate Speech Petition, Remarks on “Fissiparous Tendency”

Afghanistan-Pakistan Tensions Escalate After Deadly Border Strikes, 55 Soldiers Killed

Delhi Govt Collects 66 Food Samples Ahead of Holi to Check Adulteration

Indian Batsman Rinku Singh's Father Dies of Cancer