भारत पहुंचे कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, बोले- भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था 
National News

भारत पहुंचे कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, बोले- भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था

IANS

मुंबई, 27 फरवरी (आईएएनएस)। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी शुक्रवार को भारत पहुंचे। यह उनका चार द‍िवसीय दौरा है। मुंबई पहुंचते ही मार्क कार्नी ने भारत को “दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था” बताया और ऐसे साझेदारी संबंध स्थापित करने की इच्छा जताई, जिससे कनाडा के कामगारों और व्‍यवसायों के लिए नए मौके खुलें।

सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर कार्नी ने लिखा, “भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। अभी मैं मुंबई पहुंचा हूं। यहां मेरी व्यापारिक नेताओं से मुलाकात होगी। हम ऐसी साझेदारियां बनाएंगे जो कनाडाई कामगारों और व्यवसायों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेंगी।”

प्रधानमंत्री कार्नी ने आगे कहा, "महाराष्ट्र सरकार के प्रोटोकॉल और मार्केटिंग मंत्री जयकुमार रावल ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। भारत-कनाडा पार्टनरशिप साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, लोगों के बीच मजबूत संबंधों और अलग-अलग क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग पर आधारित है।"

कनाडाई पीएम कार्नी अपनी पत्नी डायना फॉक्स कार्नी के साथ अपने पहले आध‍िकार‍िक दौरे पर मुंबई पहुंचे। यह उनका बतौर प्रधानमंत्री पहला भारत दौरा है, जोक‍ि 27 फरवरी से दो मार्च तक चलेगा। मुंबई पहुंचने पर महाराष्ट्र के प्रोटोकॉल और मार्केटिंग मंत्री जयकुमार रावल ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।

यहां प्रधानमंत्री कार्नी मुंबई में व्यावसायिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और भारतीय और कनाडाई सीईओ, उद्योग और वित्त विशेषज्ञों, नवप्रवर्तकों, शिक्षाविदों तथा भारत में स्थित कनाडाई पेंशन फंड के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर पोस्ट किया, “भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर मुंबई पहुंचे कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी का हार्दिक स्वागत है। यह यात्रा भारत-कनाडा संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

प्रधानमंत्री कार्नी मुंबई में अपना काम पूरा करने के बाद, कार्नी रविवार शाम को नई दिल्ली पहुंचेंगे। दो मार्च को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ डेलीगेशन लेवल की बातचीत करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने पहले कहा था, “दोनों नेता भारत-कनाडा सामरिक साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे, जो कनानास्किस (जून 2025) और जोहान्सबर्ग (नवंबर 2025) में हुई उनकी पिछली बैठकों पर आधारित है। वे व्यापार और निवेश, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार तथा जन-से-जन संबंधों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में जारी सहयोग की भी समीक्षा करेंगे।”

दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श करेंगे और नई दिल्ली में भारत-कनाडा सीईओ फोरम में भाग लेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि‍ यह यात्रा भारत-कनाडा के द्विपक्षीय संबंधों को नॉर्मल बनाने के एक महत्वपूर्ण चरण में हो रही है। दोनों नेताओं की आगामी बैठक सकारात्मक गति और भविष्योन्मुखी साझेदारी के साझा दृष्टिकोण को पुनः पुष्ट करने का अवसर प्रदान करेगी।

मुंबई पहुंचने से पहले जारी बयान में कनाडाई प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और वैश्विक व्यापार व प्रौद्योगिकी का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। वर्ष 2024 में भारत कनाडा का वस्तुओं और सेवाओं के क्षेत्र में सातवां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार था, जिसमें द्विपक्षीय व्यापार 30.8 अरब डॉलर तक पहुंच गया।

पिछले नवंबर जोहान्सबर्ग में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कार्नी से मुलाकात की थी, जहां उन्होंने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित करने की बात कही थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भारत और कनाडा के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हमने 2030 तक अपने द्विपक्षीय व्यापार के लिए 50 अरब अमेरिकी डॉलर का लक्ष्य निर्धारित किया है। कनाडाई पेंशन फंड भी भारतीय कंपनियों में गहरी रुचि दिखा रहे हैं।”

--आईएएनएस

एवाई/डीएससी

Subscribe to our channels on YouTube and WhatsApp 

“Who Committed the Mistake of Giving You a License?”: CJI Pulls Up Lawyer for Filing FIR Against PM Modi and Amit Shah in Connection with CAA

WhatsApp Tells SC it will Comply with CCI Order on User Data Privacy, Argues Against Blanket Ban on Data Sharing

Gauhati High Court Issues Notice to CM Himanta Biswa Sarma Over Hate Speech Petition, Remarks on “Fissiparous Tendency”

Afghanistan-Pakistan Tensions Escalate After Deadly Border Strikes, 55 Soldiers Killed

Delhi Govt Collects 66 Food Samples Ahead of Holi to Check Adulteration