असम चुनाव: कांग्रेस ने 30 नामों पर लगाई मुहर, जोरहाट से चुनाव लड़ सकते हैं गौरव गोगोई 
National News

असम चुनाव: कांग्रेस ने 30 नामों पर लगाई मुहर, जोरहाट से चुनाव लड़ सकते हैं गौरव गोगोई

IANS

गुवाहाटी, 28 फरवरी (आईएएनएस)। आगामी असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 42 में से 30 उम्मीदवारों के नामों की सूची को लगभग अंतिम रूप दे दिया है। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने जानकारी दी कि लोकसभा में विपक्ष के उपनेता और असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई को जोरहाट विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया जा सकता है।

सूत्रों ने बताया कि असम की 42 सीटों पर कांग्रेस ने मंथन किया है, जिनमें से लगभग 30 नामों पर मुहर लग गई है और गौरव गोगोई के जोरहाट से चुनाव लड़ने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, पार्टी के बड़े मुस्लिम चेहरे सांसद रकीबुल हसन भी विधानसभा चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि, चुनाव की आधिकारिक घोषणा के बाद प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की जाएगी।

इससे पहले, जानकारी सामने आई कि 30 विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रारंभिक पैनल राज्य स्तरीय जांच समिति ने जिला इकाइयों, वरिष्ठ नेताओं और पर्यवेक्षकों से परामर्श के बाद तैयार किया। बताया जाता है कि यह सूची अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (यूजीसी) की मंजूरी के लिए भेजी गई। हालांकि, कई संभावित उम्मीदवारों के जीतने की क्षमता, संगठनात्मक स्वीकार्यता और स्थानीय फीडबैक को लेकर चिंताएं भी सामने आईं।

गौरव गोगोई अभी असम की जोरहाट लोकसभा सीट से सांसद हैं। 2024 के आम चुनावों में गौरव गोगोई ने भाजपा के तपन गोगोई को हराया। गौरव को 7,51,771 वोट मिले, जबकि तपन को 6,07,378 वोट मिले, जिससे वे 1,44,393 वोटों के मार्जिन से जीते।

गौरव गोगोई की गिनती वर्तमान में गांधी परिवार के करीबी नेताओं में होती है। सांसद बनने के बाद उन्हें कांग्रेस ने संसद में उपनेता विपक्ष के तौर पर चुना, जिसके बाद वे सदन के अंदर और बाहर भाजपा के खिलाफ लगातार हमलावर रहे हैं। वे साल 2023 में केंद्र सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के बाद सुर्खियों में आए थे।

गौरव गोगोई असम कांग्रेस के भी प्रमुख हैं, जिन्हें राज्य में चुनाव की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। गौरतलब है कि असम में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसमें मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा की कोशिश कांग्रेस से नई चुनौती का सामना करते हुए सत्ता में बने रहना है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Subscribe to our channels on YouTube and WhatsApp 

“Who Committed the Mistake of Giving You a License?”: CJI Pulls Up Lawyer for Filing FIR Against PM Modi and Amit Shah in Connection with CAA

WhatsApp Tells SC it will Comply with CCI Order on User Data Privacy, Argues Against Blanket Ban on Data Sharing

Gauhati High Court Issues Notice to CM Himanta Biswa Sarma Over Hate Speech Petition, Remarks on “Fissiparous Tendency”

Afghanistan-Pakistan Tensions Escalate After Deadly Border Strikes, 55 Soldiers Killed

Delhi Govt Collects 66 Food Samples Ahead of Holi to Check Adulteration